भाकियू नेता के पुत्र व साथी को हिरासत में लिया
जांच में जुटी पुलिस ने भाकियू नेता के पुत्र व साथी को हिरासत में लिया था। एएसपी डॉ. संजय कुमार सोमवार को कायमगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ पूरे मामले की जांच की। पूछताछ में भाकियू नेता के पुत्र व साथी ने बताया कि दोनों ने ट्रैक के पास शराब पी थी।
नशे की हालत में रखा था लकड़ी का लट्ठा
नशे में उन्होंने पटरी पर लट्ठा रखा था। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का लट्ठा दो युवकों ने नशे की हालत में रखा था। दोनों को पकड़ लिया गया है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेन के चालक के बयान की तैयारी
भटासा स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर लकड़ी का लट्ठा रखकर ट्रेन बेपटरी करने की साजिश के मामले में पुलिस दुर्घटना वाले दिन ट्रेन चला रहे चालक के बयान लेने की तैयारी में है। क्योंकि यदि ट्रेन पलटने का हादसा होता, तो चालक दल के अलावा यात्रियों को भी जानमाल का खतरा होने से इन्कार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया
आरपीएफ थाने में दर्ज मुकदमे की जांच कर रहे कन्नौज इंस्पेक्टर ओपी मीना भी पूरे मामले पर नजर रखे हैं। वहीं, आरपीएफ इंस्पेक्टर कन्नौज ओपी मीणा सोमवार दोपहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में अब तक हुई कार्रवाई के बारे में इंस्पेक्टर रामअवतार से जानकारी की।
नशा उतरा तो खुद ही कर दी गांव में चर्चा
भटासा स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर लकड़ी का बोटा रखकर ट्रेन बेपटरी करने की साजिश के आरोपियों का जब दूसरे दिन नशा उतरा, तो गांव में खुद ही चर्चा कर दी। पुलिस ने गांव में छानबीन की तो शरारती तत्वों के नाम सामने आ गए। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और खुलासा करने के नजदीक पहुंच गई है।
ट्रैक के आसपास है आरोपी के खेत
पुलिस का दावा है कि भटासा स्टेशन के पास जहां ट्रैक पर लट्ठा रखा गया था, वहां एक आरोपी के खेत हैं। इससे उसका वहां आना-जाना होता है। शुक्रवार को आरोपी खेत पर गया था। एक तीसरा युवक शराब के क्वार्टर लेकर आया था। वहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में ट्रैक पर बोटा रखकर घटना को अंजाम दिया था।
जानें क्या थी पूरी घटना
कासगंज से फर्रुखाबाद जा रही स्पेशल पैसेंजर ट्रेन (05389) के सामने शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे भटासा हाल्ट से निकलते ही किमी संख्या 160 के पास पटरी पर एक लकड़ी का मोटा लट्ठा रखकर बेपटरी करने की कोशिश की गई थी। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ जहीर अहमद ने कायमगंज कोतवाली में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया था।
यात्रियों को खतरे में डालने व संचालन में बाधा का मुकदमा लिखा
कासगंज से कानपुर आ रही पैसेंजर ट्रेन को बेपटरी करने के मकसद से पटरी पर लकड़ी का लट्ठा रखने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें यात्रियों को खतरे में डालने और संचालन में बाधा उत्पन्न करने की धाराएं लगाई गई हैं। इसकी जांच कन्नौज आरपीएफ इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। जांच अधिकारी भी टीम के साथ कई गांवों में संदिग्धों पर कड़ी नजर रखे हैं।