फर्रुखाबाद जिले में कंपिल क्षेत्र के अटैना घाट पर जल भरने आए तीन कांवड़िए गंगा में डूब गए। गोताखोरों ने एक को बचा लिया। सीएचसी में डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया, फिर भी मौत का भरोसा न होने से अन्य जगह दिखाने की बात कह कर परिजन शव लेकर चले गए।
जनपद एटा के थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव सूरजपुरा निवासी विक्रांत यादव (18), आशीष उर्फ दिलीप (18), अर्जुन उर्फ छोटू (19) अन्य कांवरियों के साथ मैनपुरी में लालपुरी बाबा के यहां कांवर चढ़ाने के लिए अटैना घाट पर जल भरने आए थे। घाट पर जल भरते समय तीनों गहरे पानी मे चले गए।
वहां मौजूद गोताखोरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद अर्जुन को बाहर निकाल लिया गया मगर विक्रांत व आशीष उर्फ दिलीप गहरे पानी में चले गए। सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक पुलिस व गोताखोरों की टीम जुटी रही। इसके बाद गोताखोरों ने दोनों की तलाश कर ली।