तीन किशोरों को रौंदने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले में दौड़ने के बाद सड़क किनारे बैठे तीन किशोरों को बोलेरो से रौंदते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई और दो साथी घायल हो गए थे। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पजाबा निवासी हर्ष साथी किशोर राजन, शोभित के साथ शनिवार की सुबह घर से दौड़ने के लिए निकले थे। गांव कुटरा के पास गेस्ट हाउस के सामने वह सड़क किनारे पर बैठे थे।
उसी दौरान फतेहगढ़ की ओर से आ रही कार ने तीनों को रौंद डाला था। इसमें हर्ष की मौके पर मौत हो गई और साथी राजन व शोभित घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हर्ष के शव का पोस्टमार्टम कराया। रविवार को घटना के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें तीनों किशोर सड़क के एक छोर पर बैठकर बात कर रहे थे।
उसी दौरान फतेहगढ़ की ओर से आ रही बोलेरों ने तीनों को रौंद डाला। पुलिस दुर्घटना में शामिल बोलेरो की तलाश में जुट गई है। इंस्पेक्टर हरिगोविंद ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वाहन के बारे में पता लगाने का प्रयास चल रहा है।