फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में डीसीएम चालक की हत्या कर शव को गंगा की कटरी में स्थित गड्ढे में फेंकने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला से अवैध संबंध होने पर चालक की हत्या की गई थी। इसमें दो भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र कुरैना निवासी सोनेलाल की हत्या का आरोपी भोजपुर मार्ग पर बाइक से आने की जानकारी पुलिस को देर रात मिली। इस पर इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह, भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार, दरोगा हाकिम टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने सामने से आ रही बाइक को हाथ देकर रुकने को कहा, तो बाइक फिसल गई। पुलिस को देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।