फर्रुखाबाद में फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव याकूतगंज निवासी सीआरपीएफ के एक जवान की जम्मू-कश्मीर में खुद की ही कारबाइन से चली गोली लगने से मौत हो गई। जवान के मौत की खबर गांव पहुंची तो इलाके में कोहराम मच गया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव याकूतगंज निवासी पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह यादव का बेटा सचिन यादव (26) 15 दिसंबर 2017 को सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था। वह वाहन चलते थे। इन दिनों की जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर सेक्टर में उनकी तैनाती थी।
सोमवार सुबह वह वाहन लेकर जा रहे थे। तभी खुद की कारबाइन चलने से गोली लगने से वह घायल हो गए। उन्हें वहीं के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना आते ही उनके घर में कोहराम मच गया। सचिन की अभी शादी नहीं हुई थी। उनकी मां मीरा यादव, भाई हंसराज यादव व तीन छोटी बहनें संगीता, काजल व कोमल रो-रो कर बेहाल हो गईं। उनका शव शाम तक आने की उम्मीद है।