जानकारी देते सहायक निदेशक कृषि।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। सोमवार को केंद्र सरकार की एक टीम ने जिले के आदर्श गांव का निरीक्षण किया। सहायक निदेशक कृषि कल्याण निदेशालय ने किसानों को बताया कि खेत में यूरिया का प्रयोग कम करें। इसके ज्यादा प्रयोग से लोगों में गठिया रोग की आशंका बढ़ जाती है। आस-पास के पानी के प्रदूषित होने का खतरा रहता है।
मृदा शक्ति आदर्श गांव में सोमवार को केंद्रीय उर्वरक गुण नियंत्रक एवं प्रशिक्षण संस्थान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय फरीदाबाद के सहायक निदेशक डॉ. रविंद्र यादव पहुंचे। उनके साथ सहायक क्षेत्रीय अधिकारी मनोज कुमार भी थे। इन लोगों ने अमरौधा के पिलखिनी व अकबरपुर के खोखा गांव का निरीक्षण किया। सहायक निदेशक ने बताया कि खेत में कम से कम यूरिया का प्रयोग करें। जरूरत के हिसाब से ही उर्वरक का प्रयोग करें। उन्होंने पंजाब प्रांत का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां किसानों के यूरिया ज्याद प्रयोग करने से लोगों में गठिया रोग हो गया है। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्या के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी सुमित पटेल मौजूद रहे।