रूरा। नगर स्थित सहकारी समिति में मंगलवार को खाद लेने के लिए लाइन में लगे किसानों ने समिति सचिव पर वितरण में अनियमितता करने व चहेतों को गुपचुप तरीके से खाद देने का आरोप लगा हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीरज गौतम व एडीओ कॉपरेटिव सत्यम शिवहरे पहुंचे। उन्होंने किसानों की लाइन लगवाई और प्रपत्र जमा कराने के बाद बारी-बारी से खाद बंटवाई।
समिति के अध्यक्ष रजोल शुक्ला ने बीते सोमवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह से सचिव द्वारा पिछले सप्ताह में एक दिन 492 बोरी खाद वितरण में मनमानी करने व बिना सूचना के खाद वितरण करने का आरोप लगा शिकायत की थी। इसके बाद सोमवार को 500 बोरी खाद की नई खेप आई थी। मंगलवार को वितरण के दौरान किसानों ने भी सचिव पर अनियमितता करने का आरोप लगा हंगामा किया। इसकी सूचना किसानों ने जिम्मेदार अधिकारियों को दी। सूचना पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीरज गौतम पहुंचे और उन्होंने किसानों को शांत कराया। इसके बाद लाइन में लगवाकर किसानों के प्रपत्र जमा कराए और बारी-बारी से खाद का वितरण शुरू कराया।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीरज गौतम ने बताया कि समिति के अध्यक्ष की शिकायत पर सचिव की जांच चल रही है कि पूर्व में एक दिन में 492 बोरी खाद का वितरण किस आधार पर किया गया है। वहीं टोकन व्यवस्था को बदलकर अब समिति में उसी दिन टोकन दिया जाएगा, जिस दिन वितरण होगा। पहले से कोई टोकन जारी नहीं किया जाएगा। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक सहकारिता आशीष मेहता ने बताया कि हंगामे की सूचना पर एडीओ कॉपरेटिव सत्यम शिवहरे को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बैठकर देर शाम तक किसानों को खाद वितरण कराया है।