'जिंदगी में तुझे आगे तो बढ़ना ही होगा ,हार मत मान मेरे दोस्त तुझे कुछ करना ही होगा' इन लाइनाें काे कानपुर के रहने वाले किसान के बेटे अभिजीत सिंह कुशवाहा ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त कर सच कर दिखाया है।
कानपुर बिठूर में रहने वाले किसान के बेटे अभिजीत सिंह कुशवाहा ने हाईस्कूल की परीक्षा में 93.33 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। जबकि शहर में चौथा स्थान पाया है। द मॉडल इंटर कॉलेज कल्याणपुर सिंहपुर के छात्र अभिजीत बिठूर के सक्सू पुरवा गांव में रहते हैं।
पिता शिवशंकर कुशवाहा और मां रचना गांव की दो बीघा जमीन पर सब्जी की खेती करके अभिजीत और बेटी दिव्या को पढ़ा रहे हैं। खेती करने के साथ ही पिता शिवशंकर उन्नाव की एक फैक्ट्री में काम भी करते हैं। अभिजीत पढ़ाई के साथ खेती में भी परिवार का सहयोग करते हैं।
अभिजीत ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को दिया। दिव्या बीएसई प्रथम वर्ष की पढ़ाई करने के साथ ही भाई को पढ़ाती है। अभिजीत ने स्कूल के अलावा छह से आठ घंटे तक सेल्फ स्टडी करके सफलता हासिल की है। इंटर पास करने के बाद अभिषेक आईएएस बनना चाहते हैं।