राजपुर (कानपुर देहात)। बेहमई में 14 फरवरी 1981 को दस्यु फूलन देवी ने गिरोह के डकैतों के साथ बेहमई गांव में हमला कर लोगों को गोलियों से छलनी कर दिया था। इसमें 20 लोग मारे गये थे। हत्याकांड में मारे गए निर्दोष लोगों को परिजन और ग्रामीण शहीद मानते हैं। उनकी याद में परिजनों ने गांव में शहीद स्मारक स्थल बनवाया है। यहां बरसी पर हर साल परिजन और आसपास के गांव के लोग स्मारक पर फूलमाला चढ़ा कर श्रद्धांजलि देते हैं।
बेहमई गांव के बाबू जी सिंह ने बताया कि शनिवार को बेहमई नरसंहार कांड की 45वीं बरसी पर गांव स्थित स्मारक स्थल पर पूजन होगा। हत्याकांड में मारे गए निर्दोष लोगों की याद में परिजन हर वर्ष पूजा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम करते हैं। बेहमई गांव के अलावा अनवा, दमनपुर, भाल, बैना, सिलहरा और सीमावर्ती जनपद जालौन के भी कई गांव के लोग बेहमई पहुंच कर स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। शुक्रवार को स्मारक स्थल पर साफ सफाई कर पूजा की तैयारी की गई। गांव के पूर्व प्रधान गांधी सिंह, रामकेश सिंह, लल्लन सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा।