कानपुर। गोविंदनगर थानाक्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना हुई। एक महिला ने एक ट्यूशन टीचर पर उसकी कक्षा चार व दो में पढ़ने वाली बच्चियों को अश्लील फिल्में देखने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया। मां का कहना है कि काम से लौटकर जब उन्होंने बच्चों को अश्लील सामग्री देखते पकड़ा और कड़ाई से पूछताछ की तो बच्चों ने ट्यूशन टीचर के दिखाने की बात कही। महिला की शिकायत पर पुलिस टीचर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गोविंदनगर थानाक्षेत्र की एक कालोनी की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह घरों में काम करती है, जबकि पति प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में कक्षा 4 और 2 में पढ़ने वाली बेटियां और एक छोटा बेटा है। बताया कि बर्रा क्षेत्र निवासी एक ट्यूशन टीचर बच्चों को घर पढ़ाने आता है। कुछ दिनों से टीचर घर में आकर बच्चों को पढ़ाने के लिए आनाकानी कर रहा था। शुक्रवार को वह रोज की तरह काम पर गई थी। तबीयत खराब होने के चलते जल्दी घर लौट आईं। इस दौरान कमरे में जाकर देखा तो बच्चे मोबाइल देख रहे थे। मोबाइल छीनने पर उसमें अश्लील सामग्री मिली। बच्चों से कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि ट्यूशन टीचर ने कई बार अपने साथ अश्लील फिल्में दिखाईं। बच्चों ने मां को बताया कि यह भी उन लोगों को बताया कि गूगल से अश्लील सामग्री कैसे देखी जाती है। गोविंदनगर कार्यवाहक इंस्पेक्टर अभय प्रताप ने बताया कि महिला की शिकायत पर युवक को पकड़ कर थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।