विस्फोट के बाद मौके पर बिखरा पड़ा खून
- फोटो : अमर उजाला
इटावा के फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में तुलसीअड्डा मोहल्ला स्थित एक प्लंबर के प्लाट में शनिवार दोपहर बोतल में भरे रसायन में जोरदार विस्फोट होने से प्लंबर पुत्र के बाएं हाथ के चीथड़े उड़ गए। विस्फोट इतना तेज था कि मोहल्ले में दूर तक लोगों को इसकी आवाज सुनाई दी। सूचना पर एसएसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सफेद रंग के इस रासायनिक पदार्थ की जांच करवाई जा रही है।
पुलिस छानबीन में जुटी है। फिलहाल घायल को सैफई भेजा गया है। लाइनपार क्षेत्र स्थित तुलसीअड्डा मोहल्ला में प्लंबर मूलचंद्र कुशवाहा का घर है। घर के सामने ही उसका खाली प्लाट पड़ा हुआ है। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मूलचंद्र का विवाहित पुत्र अरुण (30) प्लाट में अलाव जलाकर ताप रहा था। उसने पास में पड़ी एक बोतल में भरे सफेद रंग के पदार्थ को जैसे ही आग पर डाला।
बोतल के रासायनिक पदार्थ से विस्फोट हो गया। वह बाएं हाथ से बोतल पकड़े था। विस्फोट से उसके बाएं हाथ की उंगलियां और कुहनी तक के हिस्से के चीथड़े उड़ गए। उसका मुंह भी जख्मी हो गया। विस्फोट की गूंज आसपास मोहल्ले के लोगों को सुनाई दी। आवाज सुनकर अरुण के घरवाले व मोहल्ले के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।