उन्नाव नवाबगंज सोहरामऊ थाना क्षेत्र के आशाखेड़ा गांव में खड़े एक लोडर में अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के घर तक हिल गये। इस दौरान लोडर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आसपास के कई लोग घायल हो गए।
जांच के लिए लखनऊ से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया। एसपी ने बताया कि बिना लाइसेंस बारूद का भंडारण करने की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के आशाखेड़ा गांव निवासी मनोज के लोडर पर उनका भाई लवकुश (22) विस्फोटक (पटाखा व बारूद) की बोरियां लादकर गांव आ रहा था। वह प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक शुक्ला के घर के सामने पहुंचा ही था तभी जोरदार आवाज के साथ विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि लोडर चला रहा लवकुश करीब बीस मीटर दूर जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक और वहीं मौजूद पंचायत मित्र रूही गंभीर रूप से घायल हो गई। आस-पास के कई घरों के छप्पर व टीन शेड उखड़ गए। विस्फोट के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसओ मुकेश बाबू घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके साथ ही विस्फोटक को नष्ट करने के लिए दमकल की मदद ली गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया।सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और विस्फोटक बारूद होने की पुष्टि होने के बाद जांच के लिए लखनऊ से एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटना स्थल की जांच की और बारूद के नमूने, कागज व कपड़े को टुकड़ों सील किया। विस्फोट के बाद से ग्रामीणों में दहशत है।