केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए छोटे-छोटे सोलर कोल्ड स्टोरेज बनवाने की योजना पर परीक्षण कार्य शुरू हो गया है।
प्रयोग सफल होने पर योजना को शीघ्र ही लागू किया जाएगा। उन्होंने जिला स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने पर जोर दिया।
बुधवार की देर शाम फतेहपुर से वापस मूसानगर लौटते समय साध्वी कसबा घाटमपुर में भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष वेदव्रत सचान के आवास पर रुकीं।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपए की लागत से बनने वाले सोलर कोल्ड स्टोरेज से किसानों को काफी लाभ होगा।
इसको कोल्ड चेन के रूप में लागू करने की योजना है। इससे उनको समय पर फसल का उचित मूल्य मिलेगा और बिचौलियों के हाथों में जाने से भी बचेंगे।
बताया कि योजना का परीक्षण शुरू करवा दिया गया है। खाद्य प्रसंस्करण की गतिविधियां बढ़ाने के लिए उन्होंने जिला स्तर पर प्रशिक्षण केंद्र खोलने पर भी जोर दिया।
कहा कि इससे किसानों को अपने उत्पाद का बाजिब मूल्य मिलने के साथ ही वह उसकी सही उपयोगिता को समझ सकेंगे।
बताया कि खाद्य पदार्थों के बाहर भेजने के लिए ट्रेनों एक एसी बोगी लगाए जाने की मांग का पत्र रेलमंत्री को भेजा था।
रेल मंत्रालय ने अपनी सहमति की मुहर लगा दी है।
जिला कोषाध्यक्ष के आवास पर मंत्री का स्वागत करने वालों में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कमलेश त्रिवेदी, नगर अध्यक्ष विवेक शुक्ला, रेउना मंडल अध्यक्ष दलजीत सिंह, नगर महामंत्री राजू शुक्ला एवं कल्लू मिश्रा, शरद बाजपेई, चंद्रेश तिवारी, डा. प्रेम सिंह, उजियारी लाल यादव और उमेश द्विवेदी आदि शामिल रहे।