रसूलाबाद। तहसील क्षेत्र के बिल्हा स्थित परिषदीय विद्यालय में रविवार को नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असाक्षर शामिल हुए।
बिल्हा प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र ने बताया परीक्षा में पांच पुरुष, तीन महिलाओं ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों से पढ़ना, लिखना और गणना से जुड़े प्रश्न पूछे गए, ताकि उनके साक्षरता स्तर का सही आकलन किया जा सके। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों की देखरेख में परीक्षा कराई गई। शिक्षकों ने प्रतिभागियों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के उन लोगों को शिक्षा से जोड़ना है जो अब तक साक्षर नहीं हो पाए हैं। इस अभियान के माध्यम से उन्हें पढ़ने-लिखने और गणित की बुनियादी जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के 171 परिषदीय विद्यालयों में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत परीक्षा कराई गई। उन्होंने कहिंजरी और तिश्ती परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण भी किया तथा शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य सही ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग साक्षर बन सकेंगे।