कानपुर देहात। तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए 25 दिनों के अंतर को बढ़ाकर 45 दिन कर दिया है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कड़ी धूप में लोग गोदाम पर जाकर खड़े हो रहे हैं और सिलिंडर देने की मिन्नतें कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
आईओसीएल की ऑनलाइन गैस सिलिंडर बुकिंग का सर्वर ठीक नहीं हो सका है। उपभोक्ता बुकिंग न होने पर गैस एजेंसी पहुंच सिलिंडर के लिए सुबह से ही लाइन लगा रहे हैं। जैसे ही सिलिंडर का लोड लेकर गाड़ी पहुंचती है सभी पहले पाने के चक्कर में आपस में धक्का-मुक्की करने लगते हैं। गैस की किल्लत को झेल रहे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए तेल कंपनियों ने पहले 21 फिर 25 और अब 45 दिन बाद बुकिंग किए जाने का नियम शुरू किया है। यह उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन रहा है।
अकबरपुर के मोहम्मदपुर में इंडेन गैस एजेंसी पर रविवार को सुबह से ही घरेलू गैस सिलिंडर को रिफिल कराने के लिए सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता लाइन लगाकर खड़े रहे। बरौर स्थित एजेंसी में यही स्थिति रही। मशक्कत के बाद जब दोपहर करीब 12 बजे नंबर आया तो 45 दिन बाद सिलिंडर मिलने की जानकारी होने से निराश होकर किसी तरह गैस सिलिंडर देने की विनती करते रहे। मैनेजर ने नियमों का हवाला देकर मजबूरी दिखाते हुए हाथ खड़े कर दिए। इस पर कुछ ने मिन्नत की तो कई लोगों ने बहस भी की, लेकिन कुछ देर बाद मायूस होकर खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
.........................
नगर को बना दिया ग्रामीण, हो रही समस्या
तेल कंपनियों ने ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन बाद बुकिंग का नियम तय कर रखा है। मोहम्मदपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर राजीव सिंह ने बताया कि अकबरपुर व पुखरायां को ग्रामीण क्षेत्र में शामिल करना गलत है। यह गैस सिलिंडर की खपत अधिक होती है। ऐसे में इसके नगर क्षेत्र के तहत शामिल किया जाना चाहिए। वहीं ऑनलाइन बुकिंग न होने की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। हालांकि इस समय रात 10 बजे के बाद व सुबह छह बजे से पहले तक बुकिंग हो रही है। इसके बावजूद जो उपभोक्ता आकर समस्या बता रहे हैं, उन्हें गैस पासबुक की इंट्री में पहले की बुकिंग तारीख को देखकर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
........................
गैस सिलिंडर खत्म, नहीं बन पा रहा खाना
इससे पहले 23 फरवरी को गैस की ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, तब सिलिंडर मिल गया था। अब गैस खत्म होने पर आए हैं, तो 45 दिन के अंतर पर बुक होने की बात कहकर वापस कर दिया जा रहा है। घर पर गैस न होने से भोजन भी नहीं बन पा रहा है। ऐसे में बड़ी समस्या हो गई है, मैनेजर से सिलिंडर देने की विनती भी की है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। - अंश तिवारी, नयागंज
..........................
तेल कंपनियों का नया नियम उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रहा है। इससे पहले 13 फरवरी को गैस सिलिंडर बुक कराकर लिया था। पहले 25 दिन के अंतर पर गैस सिलिंडर दिए जाने की जानकारी थी, लेकिन अब 45 दिनों की बात कह कर वापस लौटाया जा रहा है। सुबह से आकर लाइन लगाकर खड़े थे, अब खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। - हर्षित शुक्ला, रहनियापुर
.................
वर्जन...................
उपभोक्ताओं को जारी गाइड लाइन के हिसाब से ही सिलिंडर का वितरण किया जाएगा। इसमें जो नियम ग्रामीण क्षेत्र के लिए हैं वह नगर में नहीं लागू होंगे। अगर नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर ग्रामीण क्षेत्र का नियम लागू किया जा रहा है तो गलत है। नगर क्षेत्र का पता होने पर नगरीय नियम के अनुसार सिलिंडर दिए जाएंगे। इसके लिए सभी संचालकों को नए सिरे से निर्देश जारी किए जाएंगे। - अभिषेक कुरील, जिला पूर्ति अधिकारी