आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर गांव मनियामऊ के सामने आगरा की तरफ से आ रही अनियंत्रित कार ने हाईवे किनारे खड़ी बाइक और प्रधान समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार घूरे के ढेर पर चढ़ गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि प्रधान, उनके पति और बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने जाम लगाया। लेकिन कुछ लोगों के समझाने पर ग्रामीण मान गए। करीब 15 मिनट बाद यातायात बहाल हो गया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कार चालक व सवार चार लोग कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस जांच में जुटी है।
मनियामऊ की ग्राम प्रधान जयमंती देवी (47) के गांव के सामने हाईवे किनारे खेत हैं। मंगलवार सुबह प्रधान, उनके पति रामकेश राजपूत (52) और बेटी शिवा (22) खेत पर गए थे। सुबह लगभग साढ़े छह बजे प्रधान, उनके पति और बेटी घर जाने के लिए हाईवे किनारे आकर खड़े हो गए थे। इस बीच ही गांव के बृजेश (30) उन्हें देखकर रुक गए और सभी बातचीत करने लगे। तभी आगरा की तरफ से आ रही अनियंत्रित कार उन्हें टक्कर मारते हुए सड़क किनारे लगे घूरे के ढेर पर चढ़ गई। हादसे में बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रधान, उनके पति और बेटी घायल हो गए। टक्कर से बाइक पूरी क्षतिग्रस्त हो गई।