चंबल में युवक की तलाश करती सेंचुरी विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
भरेह थाना क्षेत्र के हरपुरा गांव में चंबल किनारे पशुओं को पानी पिलाने गए पशुपालक को मगरमच्छ खींच कर ले गया। सूचना पर ग्रामीणों में खलबली मच गई। प्रशासन और सेंचुअरी की टीम ने तलाश शुरू कराई है। रामवीर सिंह निषाद (48) निवासी जगम्मनपुर जालौन छह माह पहले अपने ननिहाल हरपुरा गांव रहने के लिए आया था। शनिवार को वह चंबल नदी किनारे भेड़-बकरियों को पानी पिलाने गया था।
प्रत्यक्षदशीर् बबलू निषाद के अनुसार, रामवीर नदी किनारे कपड़े और जूते उतारकर भेड़ों को नहला रहा था। तभी अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे खींचकर ले गया। बबलू की सूचना पर बड़ी संख्या में गांव के लोग और एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया, सीओ नागेंद्र राव चौबे, भरेह थानाध्यक्ष प्रीति सेंगर व बिठौली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार शर्मा पहुंच गए। लगभग दो घंटे बाद सेंचुअरी रेंजर कोटेश त्यागी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मोटरबोट की मदद से तलाश शुरू कराई। शाम तक शव का पता नहीं चल सका था। सेंचुअरी रेंजर ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और जल्द ही शव बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।