बांदा स्थित 33/11 केवी सब स्टेशन परिसर में वर्कशाप के टीनशेड तले चल रहे मीटर टेस्ट लैब में लगी जर्जर प्लाईवुड दुरुस्त कराने के लिए यहां के कर्मचारियों ने नया तरीका अपनाया है। कर्मचारी हेलमेट लगाकर टेस्ट लैब में बैठ रहे हैं। उनका यह ‘उपाय’ मीडिया में सुर्खी बन रहा है।
उधर, अधिशासी अभियंता का कहना है कि बढ़ाचढ़ाकर प्रचार किया जा रहा है। सब स्टेशन में पुराने वर्कशाप में लोहे के एंगिल पर टीनशेड लगा है। पूर्व में यहां वर्कशाप थी। अब कुछ अरसे से यहां मीटर टेस्ट लैब बना दिया गया है। उपभोक्ताओं के मीटरों का परीक्षण व मरम्मत आदि होती है।
कई कर्मचारी बैठते हैं। कर्मचारियों की टेबल के ऊपर एंगल पर प्लाईवुड लगाई गई थी, ताकि टीनशेड की गर्मी से बच सकें। यह प्लाईवुड जर्जर हो चुकी है। कई जगह से टूट रही है। यहां बैठने वाले कर्मचारियों का कहना है कि इसे बदलने के लिए वह कई बार संबंधित अधिकारियों से अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
किसी भी समय प्लाईवुड गिरकर उन्हें चुटहिल कर सकती है। कर्मचारियों द्वारा हेलमेट लगाकर काम करने की बाबत अधिशासी अभियंता (प्रवर्तन) सत्यप्रकाश का कहना है कि वहां छत नहीं है, टीनशेड है। उसके नीचे लगी प्लाई कमजोर हो गई है। इसे जल्द ही बदला जाएगा। अधिशासी अभियंता ने कहा कि हेलमेट लगाकर बेवजह प्रचारित किया गया है।