राजपुर। अफसरिया गांव में नया ट्रांसफार्मर रखने के बाद लाइन जोड़ते समय रविवार शाम संविदा लाइनमैन करंट लगने से झुलस गया। वहीं उसे बचाने में दो अन्य साथियों को भी करंट के झटके लगे। संविदा लाइनमैन शट डाउन लेकर लाइन जोड़ रहा था इसी दौरान बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। गंभीर हालत में लाइनमैन को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जैनपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े अफसरिया फीडर का 250 केवी का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले फुंक गया था। रविवार को नया ट्रांसफार्मर रखा गया। तेल गर्म करने के बाद शाम को गांव की बिजली आपूर्ति जोड़ने के लिए सिकंदरा के दयानतपुर निवासी संविदा लाइनमैन सुमित कटियार (22) पहुंचा। उसने उपकेंद्र में एसएसओ (सबस्टेशन ऑपरेटर) से शट डाउन लिया।
बिजली जाने पर वह चबूतरे पर चढ़कर तार जोड़ने लगा। इसी दौरान बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। इससे करंट लगने पर सुमित झुलस गया। उसके साथ गए निजी कर्मी दयानतपुर निवासी विजय व रसूलपुर के जीतेंद्र को भी करंट के झटके लगे। हालांकि वह सुरक्षित बच गए।
इधर गंभीर रुप से झुलसे लाइनमैन सुमित को ग्रामीणों ने राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया है। वहां मौजूद डॉ. सुमित ने लाइनमैन का उपचार किया। उपकेंद्र के जेई प्रवीण मिश्रा ने बताया कि शट डाउन के दौरान आपूर्ति चालू होने की जानकारी मिली है, इसकी जांच कराई जा रही है।