कानपुर में उमस भरी गर्मी में बढ़ी बिजली की मांग से गुरुवार को 14 सबस्टेशनों की बिजली दो से छह घंटे तक गुल रही। ज्यादातर फॉल्ट ओवरलोडिंग की वजह से हुए। एसी-कूलर के लगातार चलने की वजह से फीडरों पर लोड बढ़ा और ट्रिपिंग शुरू हुई। यशोदा नगर मुर्गी फार्म के आसपास की पशुपति नगर सबस्टेशन से बिजली सुबह 11 बजे से देर रात तक गुल रही। यहां पर शहनाई गेस्ट हाउस के पास बिजली का तार टूटने से गुल रही।
क्षेत्रीय निवासी पारितोष कुमार और अर्पित विश्वकर्मा ने बताया कि दिन भर बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया। जलकल से टैंकर मंगवाकर पानी की आपूर्ति कराई गई। वहीं, गोविंद नगर सी ब्लॉक की बिजली शाम को छह बजे से रात साढ़े आठ बजे तक बंद रही। गोविंद नगर के ब्लॉक, जाजमऊ कल्याणपुर वसुंधरा विहार, पनकी रतनपुर के शताब्दी नगर, बर्रा-दो के एमआईजी भरत पार्क की बिजली रात में तीन घंटे तक गुल रही।