फर्रुखाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में शनिवार सुबह कलक्ट्रेट में मतदान होगा। सुरक्षा के मद्देनजर मतदान स्थल से लेकर सभी बैरियर व रूट डायवर्जन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ सिटी को मतदान स्थल के अंदर व तीन सीओ को बाहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इमरजेंसी में किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए दमकल कर्मियों, आंसू गैस व खुफिया विभाग की टीमों मुस्तैद रहेंगी। एसपी अशोक कुमार मीणा ने कलक्ट्रेट स्थित मतदान स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्र के बाहर की जिम्मेदारी सीओ सिटी नितेश सिंह व कोतवाल मोहम्मदाबाद दिलीप कुमार बिंद को सौंपी गई है।
केंद्र के बाहर प्रतीक्षा स्थल, मतदान केंद्र के पास लगे एटीएम, मतदान कक्ष के सामने फोर्स तैनाती की गई है। मुख्य गेट पर सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम, कायमगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर जयंती प्रसाद गंगवार की अगुवाई में फोर्स लगाया गया है। महिला एसओ प्रतिभा बाजपेई व अन्य महिला सिपाहियों को मुख्य गेट व चेकिंग स्थल पर तैनात किया गया है।
सीओ अमृतपुर अजेय कुमार शर्मा को कचहरी तिराहे से लेकर मिलेट्री चौराहे व कोतवाली फतेहगढ़ की ओर लगाए गए सभी बैरियर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीओ कायमगंज राजवीर सिंह को बालिका इंटर कालेज से लेकर जिला जेल चौराहे तक लगाए गए बैरियर की कमान दी गई है। पुलिस लाइन में निरीक्षक कमलेश कुमार की अगुवाई में रिजर्व पुलिस बल मौजूद रहेगा। इनके साथ में दो सेक्शन पीएसी के जवान भी तैनात किए गए हैं। इटावा से भी फोर्स यहां भेजा गया है। उसकी भी तैनाती की गई है।
सुरक्षा के लिए यहां लगाए गए हैं बैरियर
मतदान को लेकर राजकीय बालिका इंटर कालेज, बालक इंटर कालेज, डीएन कालेज के सामने, मिलेट्री चौराहा, मछली टोला एलआईसी मोड़ पर, कोतवाली के सामने कचहरी रोड पर, एलआईसी तिराहे पर, अफीसर्स कालोनी तिराहा सीडीओ आवास के सामने, जिला जेल चौराहा पुलिस लाइन रोड, आंबेडकर प्रतिमा तिराहे पर बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।