अचानक नदी में उतरने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भदार गांव निवासी कल्लू (60) पेशे से किसान हैं। शुक्रवार दोपहर वह अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव के समीप स्थित गंभीरी नदी के किनारे गए हुए थे। चरते-चरते एक भैंस नदी के पानी में उतरकर दूसरे किनारे की ओर जाने लगी।
बुजुर्ग कल्लू ने भी भैंस का पीछा करते हुए उसकी पूंछ पकड़ ली और नदी पार करने लगे। नदी के बीच धारा में पहुंचते ही अचानक कल्लू के हाथ से भैंस की पूंछ छूट गई। तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण कल्लू संभल नहीं सके और नदी में डूब गए।
SDRF की टीम बुलाई गई
नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने जैसे ही कल्लू को डूबते देखा, तुरंत शोर मचाते हुए घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) हरपालपुर प्रवीण यादव और कोतवाल संदीप शुक्ला पुलिस बल व अग्निशमन दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि नदी में पानी का बहाव और गहराई देखते हुए स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एसडीआरएफ की विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। नदी में व्यापक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द बुजुर्ग का पता लगाया जा सके।