बिठूर के फार्म हाउस में हाईस्कूल की छात्रा लक्ष्मी (14) की हत्या उसके ही बड़े भाई ने दुपट्टे से गला कसकर की थी। उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दुपट्टा (जिससे गला कसा गया) भी बरामद कर लिया है। आरोपी बहन के चालचलन पर शक करता था। इसी पर हुए विवाद के बाद बड़े भाई ने उसे मौत के घाट उतारा।
उन्नाव के फत्तेपुर चौरासी निवासी शांतिस्वरूप की बेटी लक्ष्मी की मंगलवार शाम मौत हो गई थी। जब बुधवार को पोस्टमार्टम हुआ तो पता चला कि लक्ष्मी की गला कसकर हत्या की गई है। एसपी पश्चिम अनिल कुमार ने बताया कि लक्ष्मी अपने एक रिश्तेदार से बातचीत करती थी। वह उससे मिलती भी थी।
यह बात उसके बडे़ भाई रवि कुमार कुरील को पसंद नहीं थी। कई बार उसने विरोध भी किया, लेकिन लक्ष्मी नहीं मानी। एसपी के मुताबिक मंगलवार शाम को लक्ष्मी फोन पर उसी रिश्तेदार से बात कर रही थी। यह देख रवि ने उसे अपने फार्म हाउस में बुलाया। लक्ष्मी से उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद उसने दुपट्टे से गला कसकर लक्ष्मी को मार दिया। फिर शव सामने वाले फार्म हाउस में सीढ़ी के पास फेंक दिया था।
यह बात खटक गई
शांतिस्वरूप अपनी पत्नी सावित्री व लक्ष्मी के साथ फार्म हाउस में रहते थे। वहीं सामने वाले फार्म हाउस में उनका बेटा आरोपी रवि पत्नी के साथ रहता था। पूछताछ में रवि ने बताया कि मंगलवार शाम जब विवाद हुआ, तो लक्ष्मी ने उससे कहा कि अपना घर देखो, मेरे मामलों में टांग न अड़ाया करो। आरोपी को यही बात खटक गई और उसने बहन को मार डाला।
पिता ने बेटे पर दर्ज कराई एफआईआर
परिजनों का सीढ़ी से गिरकर छात्रा की मौत का बताना ही पुलिस को खटक गया था क्योंकि छात्रा के गले पर निशान था। जब पोस्टमार्टम हुआ, तो हत्या की पुष्टि हो गई। मामले में आरोपी रवि के पिता संतराम ने उस पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पड़ोसी की मदद से हुआ पर्दाफाश
फार्म हाउस में शांतिस्वरूप के पड़ोस में प्रेम नारायण मिश्रा अपने बेटे के साथ रहते हैं। वह घटना के बाद कहीं चले गए थे। बुधवार शाम पुलिस उन तक पहुंची। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम लक्ष्मी व उसके भाई के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने जब रवि से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पूरी घटना कबूल दी।