हरदोई। पैगंबर पिता-पुत्र की सुन्नत अदायगी का पर्व ईद-उल-अजहा बृहस्पतिवार को जिले में अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। ईदगाहों और मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुस्लिमों ने देश-दुनिया में अमन-ओ-अमान की दुआ मांगी। शहर की ईदगाह में मुफ्ती आफताब आलम ने नमाज अदा करवाई।
मुफ्ती ने इससे पहले तकरीर में कहा कि ईद-उल-अजहा अल्लाह के हुक्म की अहमियत को बताने वाला त्योहार है। कहा कि अल्लाह अपने नेक बंदों को आजमाइश से गुजारता है। माल-ओ-दौलत और औलाद सब अल्लाह की नेमत हैं। हमें अपने अंदर हजरात-ए-अंबिया कराम व सहाबा-ए-कराम जैसा जज्बा रखना चाहिए। ईदगाह के अलावा शहर की मस्जिदों में भी बकरीद की नमाज अदा कर खैर-ओ-आफियत की दुआएं मांगी गईं। जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक एके मीणा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भ्रमण पर रहे।
पिहानी ईदगाह में मौलाना उस्मान गनी मजाहिरी ने नमाज अदा करवाई। कहा कि कुर्बानी दो पैगंबरों की सुन्नत की अदायगी का नाम है। अध्यक्ष शाहीन बेगम के प्रतिनिधि सैफ सईद खां ने नमाजियों को गले मिलकर मुबारकबाद दी और शीतल पेय वितरित किया।
बावन समेत पूरे क्षेत्र में बकरीद धूमधाम से मनाई गई। बावन के ईदगाह के साथ ही मखदूम शाह बाबा की दरगाह, निजामपुर में मुस्लिमों ने नमाज अदा की। ईदगाह में सैयद याहया ने नमाज अदा कराई। मल्लावां में ईद-उल-अजहा पर गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। ईदगाह बगदाद में पेश इमाम मौलाना रिजवान अंसारी ने नमाज अदा कराई। शाहाबाद की ईदगाह में इमाम औसाफ सावरी ने नमाज अदा कराई। पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने लोगों के गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
संडीला में मौलाना असद मदनी ने नमाज अदा करवाई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह राजा मल्हेरा व सपा नेता अभिषेक दीक्षित ने गले मिलकर मुबारकबाद दी। सांडी की ईदगाह इमामबाड़ा मस्जिद फरका मोहम्मदी सहित सखेड़ा, आदमपुर टेभनापुर आदि गांवों में बकरीद मनाई गई। हरपालपुर के ककरा ईदगाह में मुस्लिमों ने नमाज अदा की। माधौगंज की ईदगाह में मौलाना जब्बार ने नमाज अदा करवाई। नगर पंचायत अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य रवि वर्मा और सभासद संजीव गुप्ता व विजय कुमार धीरू आदि ने बधाई दी।
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद
फोटो-10- शहर के ईदगाह में नमाज पढ़ते नमाजी। संवाद