नौबस्ता से गुजर रहे एलिवेटेड हाईवे पर बुधवार दोपहर बाइक से जा रहे मां सरोजनी देवी (66)-बेटे दीपक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने पकड़े जाने के डर से गाड़ी भगा दी। इससे वृद्धा डंपर के पहिए में फंस कर 70 मीटर तक घिसटती चली गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे छोर पर गिर कर घायल हुए बेटे ने दौड़ कर चालक को पकड़ने की कोशिश की तो वह धक्का देकर डंपर छोड़ भाग निकला।
पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर डंपर को कब्जे में लिया। बर्रा विश्वबैंक आई-ब्लॉक निवासी मातादीन यादव कर्रही में पत्नी सरोजनी देवी के साथ सब्जी बेचते हैं। बेटा दीपक वाहन चलाता है। एक शादीशुदा बेटी ममता, बहू और तीन पोते-पोतियां हैं। परिजन के मुताबिक सरोजनी अपने बेटे दीपक के साथ लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती देवर सुंदर को देख कर बुधवार को बाइक से घर लौट रही थीं। यशोदानगर बाईपास पर पूजा ढाबे के पास एलिवेटेड पुल पर हादसा हो गया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि डंपर जब्त किया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।