प्रयागराज में 15 और 16 फरवरी को होने वाले ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) के परीक्षा केंद्र महाकुंभ मेले के चलते लखनऊ स्थानांतरित कर दिए गए हैं। इन सेंटरों के लिए एडमिट कार्ड भी जारी किए गए हैं। आईआईटी रुड़की की ओर से गेट का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए देश भर के जिलों में सेंटर बनाए गए हैं। महाकुंभ के चलते करोड़ों की संख्या में लोग प्रयागराज पहुंच रहे हैं।
भीड़ को देखते हुए गेट परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने ई-मेल, एक्स के माध्यम से सेंटर में फेरबदल की मांग की थी। उनका कहना था कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज जाना आसान नहीं हैं। ट्रेन, बस की स्थिति गड़बड़ है। इसको देखते हुए सेंटरों में बदलाव किया जाए। छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रयागराज से सेंटर हटाकर लखनऊ स्थानांतरित किए गए हैं।