रूरा (कानपुर देहात)। नशे में धुत एक युवक गुरुवार की दोपहर में रूरा रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। जिस पर युवक एक साइकिल व शराब की मांग करने लगा। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को बेसुध हालत में टंकी से उतार कर जिला अस्पताल भेजा।
रूरा स्टेशन के समीप स्थित रेलवे कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी बनी है। गुरुवार की दोपहर सीढ़ियों के रास्ते नशे में धुत एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। लोगों ने सूचना आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने जब युवक से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह साइकिल व शराब की मांग करने लगा।
वहीं थाने से पहुंची पुलिस ने भी युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। अत्यधिक नशे में होने के कारण युवक कुछ देर बाद बेसुध होकर टंकी पर ही लेट गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि युवक के अत्यधिक नशे में होने के कारण नाम, पता आदि की जानकारी नहीं हो सकी है। होश मेें आने पर जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।