Farrukhabad News: फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में देर शाम कुछ युवक नशे में आपस में मारपीट करने लगे। साथ ही, एक-दूसरे को उठा-उठाकर सड़क पर पटक दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस को सूचना देने की बात पर सभी भाग निकले।
फर्रुखाबाद जिले में मामूली विवाद में नशे में धुत युवक एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। सरेराह मारपीट होते देख राहगीरों की भीड़ लग गई। घटना के कुछ देर बाद सारे युवक खुद ही चले गए। मामला फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र का है। यहां बेवर रोड भोलेपुर में देर शाम शराब के नशे में धुत युवक आपस में उलझ गए। देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
नशेड़ियों ने एक-दूसरे को उठाकर सड़क पर पटक दिया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सड़क पर मारपीट होती देख राहगीराें की भीड़ लग गई। किसी ने पुलिस को सूचना देने की बात कही। इतना सुनते ही नशेड़ी वहां से खिसक गए। फतेहगढ़ कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि उन्हे घटना की कोई जानकारी नहीं है। लिखित शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।