केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) के अपर निदेशक (एडी) डॉ. पीके पचौरी अपनी प्राइवेट कार पर नीली बत्ती लगाकर घूमते हैं। इतना ही नहीं कार के आगे-पीछे अशोक लाट भी चस्पा करवा रखी है।
एडी साहब कहते हैं कि उनको यह सब करने का अधिकार है लेकिन एआरटीओ प्रवर्तन विदिशा सिंह का कहना है कि प्राइवेट गाड़ी पर नीली बत्ती लगाना गलत है। इससे भी ज्यादा गलत अशोक लाट लगाना है। अशोक लाट राष्ट्रपति को छोड़कर कोई नहीं चस्पा कर सकता है।
रतनलाल नगर में सीजीएचएस का हेड ऑफिस है। यहीं पर एडी डॉ. पीके पचौरी बैठते हैं। एडी बनने के बाद डॉ. पचौरी ने अपनी पुरानी मारुति कार पर अशोक लाट और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय चस्पा करा दिया था।
कुछ समय बाद उन्होंने अर्टिगा कार ली तो हनक बनाने के लिए उस पर भी पद नाम से ज्यादा भारत सरकार का भौकाल मेंटेन किया। इस संबंध में पूछने पर डॉ. पचौरी ने कहा कि वह मीडिया से बात नहीं करते। इसके लिए प्रवक्ता नियुक्त हैं।
यह कहने पर कि आप पूरे प्रदेश के एडी हैं इसलिए बयान तो आप से ही लिया जाएगा, उन्होंने कहा कि प्राइवेट गाड़ी पर नीली बत्ती और अशोक लाट वह लगवा सकते हैं। यह कहने पर कि यह नियम विरुद्ध है तो एडी ने कहा कि आप आरटीओ से पूछ लीजिए।
बाद में उनसे प्रवक्ता का कांटैक्ट नंबर मांगा गया तो उन्होंने नहीं दिया। उन्हें मैसेज भी किया गया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
डॉ. पीके पचौरी की प्राइवेट कार