कानपुर। बर्रा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में बुधवार को अंतरविद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शहर के 30 विद्यालयों के 256 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न आयु वर्गों में निशानेबाजी का कौशल दिखाया। इसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल किदवईनगर ओवरऑल चैंपियन बना। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल उपविजेता बना।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में कक्षा तीन से पांच बालक वर्ग में डीपीएस किदवईनगर ने पहला, सनशाइन पब्लिक स्कूल ने दूसरा और एमएस लाल बंगला ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में डीपीएस सर्वोदयनगर प्रथम, केपीवाई द्वितीय और महाराणा प्रताप एजुकेशन सेंटर तृतीय रहा। कक्षा छह से आठ बालक वर्ग में साउथ सिटी पब्लिक स्कूल ने पहला, प्रयाग अकादमी ने दूसरा और विजडम वुड पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में अनुज किशोरी दुबे मेमोरियल प्रथम, एलेन हाउस रूमा द्वितीय और डीपीएस आजादनगर तृतीय स्थान पर रहा। कक्षा नौ से 12 बालक वर्ग में दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन ने पहला और जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की बालिका स्पर्धा में गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल प्रथम और डीपीएस बर्रा द्वितीय स्थान पर रहा। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक आलोक मिश्रा, कानपुर तीरंदाजी संघ के महासचिव राजा भारत अवस्थी और प्रिंसिपल जयंती मित्रा ने किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।