प्रदूषण से जूझ रहे कानपुर में हरियाली बढ़ाने के लिए रिटायर्ड शिक्षिका आगे आई हैं। उन्होंने शहर में पौध रोपने के लिए अपनी ताउम्र की पेंशन ही दान कर दी। उनकी इस दानवीरता की हर कोई सराहना कर रहा है। दिवंगत नन्हा सिंह राठौर सेवा फाउंडेशन की तरफ से हूलागंज रैन बसेरा, कैनाल रोड में पूर्व पार्षद दिवंगत नन्हा सिंह राठौर की स्मृति में उनकी पत्नी व फाउंडेशन की संस्थापक व रिटायर्ड शिक्षिका उज्जवल देवी राठौर, पूर्व विधायक सलिल विश्नोई, राजू राठौर सहित अन्य लोगों ने 51 पौधे रोपे।
इस दौरान उज्जवल देवी ने एलान किया कि शहर में जहां भी लोग पौधरोपण करवाना चाहते हैं, उन्हें ट्रीगार्ड सहित पौधे उनकी संस्था निशुल्क उपलब्ध कराएगी। इसके लिए उन्होंने अपनी पूरी पेंशन दान कर दी। उन्होंने कहा कि पति नन्हा सिंह राठौर पूर्व पार्षद थे। उन्होंने समाजसेवा के कई कार्य किए थे। उन्हीं से प्रेरणा लेकर उन्होंने पेंशन दान दी है। कार्यक्रम में पार्षद गुरु नारायण गुप्ता, शैलेश शर्मा, रामचंदर वैद्य, अरुण राठौर, विनीत, रमेश, डल्लन, कुलदीप, ऋषभ, अंशु आदि मौजूद थे।
पौधे चाहिए तो ये नंबर घुमाएं
उनके बेटे एवं स्वर्गीय नन्हा सिंह राठौर सेवा फाउंडेशन के संरक्षक राजू राठौर ने बताया कि कोई भी शहरवासी ट्रीगार्ड सहित पौधे प्राप्त करने के लिए उनके मोबाइल नंबर 9076592260 पर संपर्क कर सकता है।