तैयार किया ओपन जिम व चिल्ड्रन पार्क।
- फोटो : स्रोत सीडीओ
कानपुर देहात। ग्रामीण क्षेत्र में लोग जल्द ही खुली हवा में व्यायाम करेंगे। वहीं बच्चों को खेलने के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा। जिले में शासन की ओर से 50 ग्राम पंचायतों को ओपन जिम की सौगात दी गई है। 19 जून को यह ओपन जिम ग्रामीणों के लिए खोल दिए जाएंगे।
आधुनिक युग में शहर के साथ अब गांव के लोगों की दिनचर्या बदल गई है। युवा मैदान में खेल खेलने की जगह ऑनलाइन गेम्स में व्यस्त हैं। इससे उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। शासन की ओर से युवाओं को व्यायाम के प्रति पुन: आकर्षित करने के लिए ग्राम पंचायतों में ओपन जिम बनाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी आलोक सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन ने विशेष पहल की है। 50 ग्राम पंचायतों में ओपन जिम बनाए गए हैं। जिनमें अकबरपुर ब्लॉक की दो ग्राम पंचायत, अमरौधा में नौ, डेरापुर में सात, झींझक में चार, मैथा में छह, मलासा में दो, राजपुर में पांच, रसूलाबाद में तीन, संदलपुर में दो व सरवनखेड़ा में 10 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
सीडीओ लक्ष्मी एन ने बताया कि ओपन जिम में हरियाली के बीच कार्डियो व्यायाम के लिए उपकरण (जैसे ट्रेडमिल, साइकिल, एलिप्टिकल मशीन), शक्ति प्रशिक्षण के लिए फ्री वेट, मशीनें आदि स्थापित करवाई गई हैं। सुबह-शाम ताजी हवा में व्यायाम करने से युवाओं व बुजुर्गों का शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य सुधार होगा। स्वस्थ्य होने पर वह अपनी दिनचर्या को बेहतर बना सकेंगे। साथ योग व व्यायाम करने से गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल भी बनेगा। वहीं ओपन जिम में खेलने से बच्चों को शारीरिक विकास के साथ मानसिक वृद्धी भी होगी। जिले में खेल की प्रतिस्पर्धा में भी वृद्धि होगी। पहले चरण में तैयार किए गए ओपन जिम का शुभारंभ 19 जून को जनप्रतिनिधि करेंगे।