कानपुर के गुजैनी में झांसी रेलवे लाइन पर रविवार को भोर में नीरज शर्मा (24) का शव मिला। पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। जिससे युवक का शव पांच घंटे तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। इसी बीच कुत्तों ने युवक का शव नोच डाला। उधर, युवक के परिजनों ने उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया।
जे ब्लॉक गुजैनी निवासी नीरज की मां सावित्री ने पुलिस को बताया कि नीरज ड्राइवर था। शनिवार को वह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात में इलाकेका अमित अपने दो साथियों समेत उसको पूछने आया था। रविवार सुबह पुलिस ने नीरज का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना दी।
गुजैनी स्थित झांसी रेलवे लाइन रतन लाल नगर और दादानगर पुलिस चौकी की सीमा में आती है। सीमा विवाद में शव पांच घंटे रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा और कुत्ते शव को नोचते रहे। नीरज के भाई पंकज का आरोप है कि अमित और उसके साथियों ने रंजिश में नीरज को ट्रेन के आगे धक्का दे दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।