शासन ने जिलाधिकारी पुलकित खरे का तबादला कर दिया है। उन्हें पीलीभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है। जनपद में लगभग 32 माह के कार्यकाल में पुलकित खरे ने जिले और शहर की दशा बदलने के लिए बड़ी संख्या में कार्य किए। पौराणिक प्रहलाद घाट हो या फिर दुर्दशाग्रस्त बेलाताली, दोनों का ही जीर्णोद्धार उन्होंने कराया।
दिसंबर 2017 में शासन ने पुलकित खरे को हरदोई का जिलाधिकारी बनाया था। शहर में सोल्जर बोर्ड चौराहे पर उन्होंने अमर जवान ज्योति नाम से चौराहा विकसित किया तो संडीला के बस अड्डा चौराहे पर उन्होंने अमर जवान चौक का निर्माण कराया।
इसी तरह बघौली चौराहा को उन्होंने पर्यावरण चौक के रूप में विकसित कराया। शहर में श्रवण देवी मंदिर परिसर के पास स्थित प्रहलाद घाट का उन्होंने कायाकल्प कराया। रेलवेगंज में सरकुलर रोड पर स्थित बेलाताली का सुंदरीकरण भी पुलकित खरे ने कराया।
सांडी के पक्षी विहार में हर वर्ष महोत्सव कराने की परंपरा भी उन्होंने डाली। कलक्ट्रेट मार्ग को मॉडल सड़क के रूप में उन्होंने विकसित कराया। दशहरा के समय शहर में रामलीला के आयोजन की परंपरा भी जिलाधिकारी के रूप में पुलकित खरे ने डाली। कोथावां के हत्याहरण तीर्थ का भी सुंदरीकरण कराया। पिहानी के धोबिया आश्रम को भी उन्होंने विकसित कराया।
मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अविनाश कुमार नए डीएम
शासन ने मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अविनाश कुमार को हरदोई का नया जिलाधिकारी बनाया है। अविनाश कुमार जनपद के लिए नए नहीं हैं। आईएएस अफसर के रूप में उन्होंने हरदोई में ही फील्ड ट्रेनिंग की है। अविनाश कुमार हरदोई में ट्रेनिंग के दौरान खंड विकास अधिकारी के अलावा सवायजपुर के उप जिलाधिकारी के रूप में रह चुके हैं। 17 जनवरी 2015 से 23 मई 2015 तक अविनाश कुमार सवायजपुर में एसडीएम के पद पर तैनात रहे थे। कुछ समय तक वह संडीला के भी एसडीएम रहे थे।