यूपी के हरदोई जिले में मल्लावां कोतवाली क्षेत्र गांव गंजजलालाबाद में कराए जा रहे निर्माण कार्य के चलते धर्म स्थल का रास्ता बंद होने का आरोप लगने पर विवाद हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया। इसके बाद नाराज पक्ष के लोगों ने दोपहर में दूसरे समुदाय के युवक के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्राम गंजजलालाबाद निवासी राजाराम पुत्र रामदयाल गांव में मकान का निर्माण करा रहा है। पास ही धर्म स्थल है। धर्म स्थल जाने वाले रास्ते पर निर्माण होने की जानकारी मिलने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने सुबह चौकी पहुंच कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य बंद करा दिया। निर्माण कार्य रुकवाए जाने से नाराज राजाराम के पक्ष के लोगों ने रविवार दोपहर धार्मिक स्थल के पास से गुजर रहे युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने मौके से नौ लोगों को हिरासत में लिया
युवक के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी मिलने पर दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए, उनमें विवाद होने लगा। लोगों ने बताया कि 11 अक्टूबर को धार्मिक स्थल को जाने वाले रास्ते को लेकर दोनों पक्षों का समझौता हो चुका है। तय हुआ था कि राजाराम मकान के आगे निर्माण कार्य नहीं कराएगा, लेकिन रविवार की सुबह उसने फिर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
बताया कि उन लोगों ने शिकायत की, जिस पर पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। बताया कि इससे नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने अब्बास नाम के युवक को बेवजह रास्ते में रोककर मारापीटा। विवाद की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मौके से नौ लोगों को हिरासत में लिया।
कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि समझौते के बाद भी रास्ते की जमीन पर निर्माण कराए जाने की शिकायत मिली थी, जिसके चलते काम बंद कराया गया था। बताया कि अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिली तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।