रसूलाबाद। मां की तेरहवीं पर होने वाले खर्च को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। इस पर छोटे भाई ने बड़े को पीट दिया। इससे दुखी बड़े भाई ने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। परिवारीजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर बड़े भाई की जान बचाई।
रसूलाबाद की तिस्ती चौकी के भवानीपुर गांव निवासी जयकरण की पत्नी दीप कली की 12 मई को बीमारी के चलते मौत हो गई। शनिवार को मां की तेरहवीं कार्यक्रम में होने वाले खर्चे को लेकर बुधवार को बड़े पुत्र शिवपूजन और छोटे बेटे नीरज के बीच विवाद हो गया। नीरज ने शिवपूजन को पीट दिया।
इससे दुखी होकर शिवपूजन ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। यह देख पत्नी ममता, बेटी नैंसी, गुनगुन ने शोर मचा दिया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शिवपूजन को फंदे से उतार लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस शिवपूजन को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि शिवपूजन को शांति भंग की धारा में पाबंद कर समझाकर घर जाने दिया गया है। जबकि नीरज की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।