वृद्धा को चंबल नदी से निकाल कर लाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
इटावा में पति व बेटे की मौत से निराश 60 साल की वृद्धा ने शनिवार दोपहर उदी के पास पुल से चंबल नदी में छलांग लगा दी। जहां पर वह गिरी, वहां पानी कम था। उससे करीब 30 फुट दूरी पर मगरमच्छ मौजूद थे। इसके बावजूद पिकेट पुलिस के सिपाहियों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों को पांच-पांच हजार रुपये का इनाम दिया गया है। बढ़पुरा थाना प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह ने बताया कि सहसों थाना क्षेत्र के विंडवाकला गांव निवासी मार्गश्री (60) के पति यशवीर सिंह यादव का काफी समय पूर्व निधन हो चुका है।