डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा कानपुर पहुंचे
भाजपा के वरिष्ठ नेता और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने छात्र नेताओं से कहा कि वे बिना किसी आपसी द्वेष के पार्टी की रेटिंग बढ़ाएं। वह मंगलवार को कानपुर के नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी से जुड़े पूर्व और वर्तमान छात्र नेताओं के अलावा उन युवाओं से भी मिले जो आने वाले समय में राजनीति के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। इन सभी से निकाय चुनाव में आगे आकर नेतृत्व करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महानगरों और छोटे शहरों में विकास में तेजी लाने के लिए जरूरी है कि स्थानीय स्तर पर चुनी जाने वाली सरकार भी भाजपा की हो। ऐसा होने पर ही योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन हो सकता है। इसके लिए छात्र नेताओं को भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की जरूरत है। उन्होंने युवा नेताओं से यह भी कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम का असर दूर तक जाएगा। इसको भी हमें ध्यान रखना चाहिए।
भाजपा का महापौर बने इसका प्रयास करना ही है, पार्षद भी ज्यादा संख्या में जीतकर आएंगे तो विकास की गति तेज करने में आसानी होगी। कहा कि ऐसे में छात्र नेताओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। करीब एक घंटे तक चली बैठक में महापौर के साथ पार्षद प्रत्याशियों की जीत का गणित भी लगाया गया। इस मौके पर बीएनडी कॉलेज, हरसहाय कॉलेज, डीएवी कॉलेज, कानपुर विश्वविद्यालय, डीबीएस कॉलेज, एसडी कॉलेज, क्राइस्ट चर्च, डीजी पीजी कॉलेज, पीपीएन, एसएन सेन कॉलेज सहित सभी प्रमुख कॉलेजों के छात्र नेता मौजूद रहे। बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी के अलावा पार्टी के कई और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।