कानपुर के शुक्लागंज में पोनीरोड शराब ठेके के निकट प्रसव के लिए एक ई-रिक्शा से जा रही युवती को अचानक प्रसव पीड़ा हुई और सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। नवजात की कुछ देर बाद ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवती को जैसे ही प्रसव पीड़ा शुरू हुई इसकी सूचना एंबुलेंस को दी लेकिन समय पर एंबुलेंस सेवा न मिल पाने से नवजात की जान नहीं बचाई जा सकी। जबकि, गंभीर युवती को किसी तरह से परिजन उर्सला लेकर गए।
गंगाघाट थाना क्षेत्र के आलम नगर निवासी गफ्फार ने बताया कि उसकी 27 वर्षीय पत्नी समरीन को शुक्रवार की सुबह अचानक प्रसव पीड़ा हुई, जिस पर उसे वह ई-रिक्शा से लेकर पास के नर्सिंगहोम ले जा रहा था।
लेकिन, पोनी रोड झंडे वाले चौराहे के निकट स्थित शराब ठेके के पास पत्नी की हालत बिगड़ गई। मौके पर कोई उपचार न मिलता देख उसे आसपास के किसी राहगीर से एंबुलेंस सेवा में फोन मिलवाया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। असहनीय दर्द होने से पत्नी ई-रिक्शा से उतर कर सड़क किनारे बैठ गई।
यह देख आसपास रही महिलाएं आगे आई और किसी तरह से प्रसव करवाया, एक बेटे को जन्म दिया। बच्चे ने किलकारियां भरी ही थी कि उसकी सांसें थम गई। यह देख जच्चा बेहोश हो गई जबकि गफ्तार रोने बिलखने लगा। इसके बाद पत्नी को पास के नर्सिंगहोम ले गया, जहां से उसे कानपुर उर्सला रेफ र कर दिया गया।