घटना के बाद शोक में डूबे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिल्हौर के मुराद नगर मोहल्ले में नि:संतान दंपती राहुल व नीलम का शव घर के अंदर सीढ़ी के सहारे साड़ी के फंदे से लटका मिला। सोमवार सुबह काफी देर तक घर से न निकलने पर पड़ोसियों ने घर में झांककर देखा तो पति-पत्नी का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पुलिस छत से कूदकर अंदर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, परिजन दंपती के खुदकुशी करने की वजह नहीं बता सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरादनगर मोहल्ले में देवेश कुशवाहा पत्नी सुषमा और दो बेटे राहुल और कन्हैया के साथ रहते थे। परिवार के सोनू जनसेवक ने बताया कि देवेश ने लगभग सात साल पहले पुत्र राहुल कुशवाहा (25) का विवाह हरदोई जिले के बिलग्राम निवासी नीलम (24) से किया था। विवाह के बाद घरेलू कलह की वजह से देवेश पत्नी सुषमा व दूसरे पुत्र कन्हैया के साथ कुछ दूर पर खेत में घर बनाकर रहने लगे। राहुल खेती बाड़ी व मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। माता-पिता व भाई के अलग रहने के बाद पुराने घर में पत्नी नीलम के साथ अकेले रहता था। उसके कोई संतान नहीं थी।
पड़ोसियों के मुताबिक सोमवार की सुबह काफी देर तक दोनों के घर से न निकलने पर जाकर देखा तो फंदे से लटकते मिले। उधर, मां सुषमा का कहना है कि राहुल और बहू नीलम ने क्यों फांसी लगाई, इसकी कोई जानकारी उन्हें नहीं है। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर बिल्हौर धनेश प्रसाद व पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।