फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: गैस बुक होने के बाद नहीं आ रहा डीएसी नंबर का मैसेज

Wed, 01 Apr 2026 02:03 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सिलिंडर न मिलने से परेशान कई लोग घरों में चूल्हा जलाने के मजबूर हैं। ऑनलाइन बुकिंग करने पर मोबाइल पर डीएसी नंबर का मैसेज न आने से परेशान उपभोक्ता एजेंसी का चक्कर लगा रहे है लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही और वह खाली हाथ वापस लौट रहे हैं।
विज्ञापन

जनपद में 4, 65, 965 घरेलू कनेक्शन के उपभोक्ता हैं। इनमें सामान्य उपभोक्ताओं की संख्या 2, 48, 908 व उज्ज्वला योजना के 2, 15, 857 उपभोक्ता हैं। पूर्ति विभाग एजेंसियों पर सिलिंडर के स्टॉक होने का दावा जरूर कर रहा है लेकिन उपभोक्ताओं को कड़ी धूप में लंबी लाइन लगाने के बाद भी मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। अकबरपुर के मोहम्मदपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर लोग सुबह पांच बजे से पहुंचकर लाइन लगाकर खड़े रहे। चार दिन बाद सिलिंडर का लोड पहुंचने पर सभी पहले पाने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। ऐसे में एजेंसी कर्मियों को बीच-बीच में वितरण रोककर सबको समझना पड़ा। तब जाकर सिलिंडर वितरित किए जा सके।
इंडेन गैस एजेंसी के संचालक विमल कुमार तिवारी ने बताया कि सिलिंडर खत्म हो जाने की वजह से उपभोक्ताओं को वापस लौटना पड़ा है। यह स्थिति पुखरायां, झींझक, सिकंदरा सहित सभी बड़ी एजेंसी पर है। नगर के लिए आने वाले लोड में जेल, नवोदय विद्यालय के अलावा पुलिस लाइन मेस के साथ अन्य को देना पड़ता है। ऐसे में सिलिंडर खत्म हो जाते है। समस्या से जिलापूर्ति अधिकारी को अवगत कराया गया था। कंपनी के सेल्स अधिकारी से बात किए जाने के बाद मंगलवार को 525 सिलिंडर का लोड लेकर गाड़ी पहुंची। सभी को सिलिंडर वितरण किए जाने के अलावा करीब 60 से 70 सिलिंडर की होम डिलिवरी भी की गई है। एक अप्रैल से सिलिंडर के लोड मिलने लगेंगे। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
विज्ञापन

..............................
पुलिस की मौजूदगी में बांटे गए सिलिंडर
झींझक। नगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सिलिंडर का लोड पहुंचने की जानकारी होते ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सिलिंडर के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। एजेंसी के कर्मचारियों की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी उमेश शर्मा ने सभी को समझाकर लाइन से सिलिंडर लेने की अपील की। तब जाकर वितरण शुरू हो सका। हालांकि सिलिंडर खत्म होने की वजह से कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। झींझक निवासी गोपी किशन व परजनी निवासी बबलू ने बताया कि भीड़ अधिक होने की वजह से सिलिंडर नहीं मिल सका है। अब अगला लोड आने पर दोबारा से मशक्कत करनी पड़ेगी। एजेंसी संचालक कुंवर सिंह ने बताया कि 360 सिलिंडर आए थे। सभी वितरित कर दिए गए हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जल्द ही होम डिलिवरी शुरू की जाएगी। (संवाद)
.........................
चलने में है समस्या, लेकिन सिलिंडर भी जरूरी है
चार दिन से लगातार सुबह से आकर सिलिंडर के लिए लाइन लगा रहे हैं लेकिन लोड न आने से खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। अगर सिलिंडर आते भी हैं तो नंबर आने तक खत्म हो जाते हैं। पैर से चलने में समस्या होने के कारण आने व जाने में दिक्कत होती है लेकिन सिलिडंर भी जरूरी है। - मोहम्मद इब्राहिम, अकबरपुर।
.......................
डीएसी नंबर न मिलने से हो रही परेशानी
पहले ऑनलाइन बुकिंग ही नहीं हो रही थी। अब जब शुरू भी हुई तो मोबाइल पर डीएसी नंबर का मैसेज नहीं आ रहा है, जबकि बुकिंग दर्शाता है। घर में गैस खत्म हो जाने से परेशानी हो रही थी। चार दिन से खाली हाथ लौट रहे हैं। अब जब मैसेज आया है तब कड़ी धूप में बड़ी मशक्कत के बाद सिलिंडर मिल सका है। - नरेंद्र सिंह, अकबरपुर।
........................
वर्जन.......
कई एजेंसियों में सिलिंडर न होने की जानकारी हुई थी। इसे लेकर कंपनी के विक्रय अधिकारी से बात कर सिलिंडरों के लोड की आपूर्ति किए जाने को कहा गया है। एजेंसी संचालकों से मिली सूचना के मुताबिक गोदाम पर सिलिंडर के लोड पहुंचने के साथ उपभोक्ताओं को वितरण किए जा रहे हैं। अगर किसी उपभोक्ता को समस्या है, तो वह कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकता है। समस्या का समाधान किया जाएगा। - अभिषेक कुरील, जिला पूर्ति अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें