कानपुर। चक्रवातों की वजह से माहौल में बढ़ी नमी ने धूप की चमक घटा दी है। इसके साथ ही नवंबर में धूप की अवधि भी कम हो गई है। धूप की अवधि और चमक घटने से मानव के साथ सूक्ष्म जीवों और वनस्पतियों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। इनका विकास रुकता है। मानव में इस वजह से अवसाद बढ़ने लगता है। धूप की कमी की वजह से मस्तिष्क में सेरोटोनिन का रिसाव प्रभावित होता है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग की वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक अक्तूबर के आखिरी तीन दिन धूप की अवधि शून्य रही लेकिन पूरे महीने का औसत निकालने पर सात घंटे प्रतिदिन धूप रही। अक्तूबर का धूप का सामान्य औसत छह घंटे चार मिनट है। नवंबर के पांच दिनों में प्रतिदिन धूप का औसत एक घंटे पांच मिनट रहा। इन पांच दिनों का सामान्य औसत दो घंटे चार मिनट है। इसके अलावा धूप में चमक कम होने से धूप की अवधि वाला कार्ड जल नहीं पा रहा है। इस कार्ड के जलने की गति से ही धूप की चमक की क्वालिटी तय होती है।
विवि के पादप रोग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश श्रीवास्तव का कहना है कि धूप की चमक कम होने का प्रभाव वनस्पतियों और सूक्ष्म जीवों पर पड़ता है। धूप की कमी से उनका विकास रुक जाता है। लंबे समय तक धूप कम रहने से विकास प्रक्रिया में अधिक नुकसान होने लगेगा। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय चौधरी का कहना है कि धूप कम होने या इसकी क्वालिटी घटने से मस्तिष्क में सेरोटोनिन न्यूरो केमिकल का रिसाव घट जाता है। इससे अवसाद होता है। धूप से सेरोटोनिन बढ़ता है, इससे व्यक्ति खुश रहता है। धूप का जुड़ाव व्यक्ति की मानसिक स्थिति से होता है। मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि माहौल में नमी लगातार बनी हुई है। मौसम प्रणालियों का प्रत्यक्ष असर न दिखे, फिर भी इनके प्रभाव से नमी घटती-बढ़ती रहती है।