ऑनलाइन गेमिंग में उड़ा दिए थे 21 लाख
इंस्पेक्टर पनकी रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पीयूष ने ठगी के 35 लाख रुपये में से 21 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग में उड़ा दिए थे। जानकारी मिलने पर बुधवार को इंस्पेक्टर ने कोर्ट से आदेश लेकर जेल में आरोपी पीयूष से पूछताछ की। जल्द ही कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां होंगी।
यूको बैंक पनकी ब्रांच के कई कर्मचारी जांच के घेरे में
किसान भगवान दास ने बताया कि हाल ही में खेत बेचने पर उन्हें 35 लाख रुपए मिले थे। उन्होंने यूको बैंक की पनकी गंगागंज ब्रांच में पूरे रुपए जमा कर दिए थे। बैंक कर्मचारी शशांक दीक्षित, अनिल कुमार शुक्ला, पीयूष पांडेय, कैशियर और दो अन्य लोगों ने झांसा दिया कि बैंक आपको सीनियर सिटीजन के नाते अधिक ब्याज देगी।
बैंक स्टेटमेंट चेक कराने पर हुई जानकारी
आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने उनसे कई चेकों में साइन कराकर अपने पास रख दिया। इसके साथ ही एक दस्तावेज देते हुए कहा कि आपकी एफडी हो गई है। साथ ही यह भी हिदायत दी कि किसी को बताना नहीं। कुछ दिन उन्होंने बैंक स्टेटमेंट चेक कराया, तो पता चला कि अकाउंट से पूरी रकम निकल चुकी है।
विवेचना के दौरान 21 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग में हारने की बात सामने आई है, पुलिस ने जेल में बंद पीयूष से पूछताछ की है। जल्द ही कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां होंगी। -रत्नेश कुमार सिंह, पनकी इंस्पेक्टर