यूपी के महोबा कुलपहाड़ में कूड़े के ढेर में आग जलने के दौरान धमाका हो गया। इससे कबाड़ बीन रहे दो मासूम बुरी तरह झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से एक की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कुलपहाड़ के मोहल्ला गोविंदनगर निवासी सीताराम (7) पुत्र किशोरी व नीतेंद्र (6) कबाड़ बीनने का काम करते हैं। सोमवार को दोनों कस्बे में लगे कूड़े के ढेर में कबाड़ बीन रहे थे। तभी ढेर में जल रही आग में अचानक तेज धमाका हो गया। इससे दोनों मासूम झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास से गुजर रहे लोगों ने धमाका सुना तो भीड़ जमा हो गई। घायलाें के हाथ व चेहरे झुलसे हैं। सीएचसी से डाक्टरों ने गंभीर से हालत सीताराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लोगों ने आशंका जताई कि शादी समारोह के दौरान शेष बचा बारूदी पटाखा कूड़े के ढ़ेर में चला जाने से वह आग जलने पर धमाके के साथ फट गया। जिससे यह घटना हुई।