उन्नाव दुष्कर्म कांड में जेल भेजे गए पांच आरोपी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के बिहार कांड में जांच कर रही एसआईटी की अलग-अलग टीमों ने केस डायरी में 14 से अधिक पर्चे काटे हैं। एसपी ने बताया कि आरोप पत्र दाखिल करने के लिए कोई निश्चित तिथि निर्धारित नहीं है। फिर भी 8 दिन के अंदर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल हो जाए, इसके लिए एसआईटी को निर्देशित किया गया है।
बिहार में दुष्कर्म पीड़िता को जलाए जाने के मामले ने सियासी तूफान खड़ा कर रखा है। दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश में जांच कर रही एसआईटी घटना के हर बिंदु पर जांच कर रही है। एसआईटी सूत्रों की माने तो जांच अंतिम चरण पर है। कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करने के लिए जांच टीम केस डायरी में अब तक 14 से अधिक पर्चे काट चुकी है। एसपी विक्रांतवीर ने बताया कि 8 दिन के अंतराल में एसआईटी जांच पूरी कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल करेगी।
ये है पूरा मामला
उन्नाव में गुरुवार को दुष्कर्म पीड़िता पर आरोपियों ने पेट्रोल डालकर उसे जलाकर मारने की कोशिश की थी। इसमें पीड़िता 90 फीसदी जल गई थी। चश्मीदीदों के मुताबिक पीड़िता आग लगने के बाद करीब एक किमी तक मदद की गुहार लगाते हुए दौड़ती रही थी।
यहां तक की उसने खुद ही 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद वहां पुलिस की टीम और एंबुलेंस पहुंची थी। 44 घंटे तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद आखिर में उसकी सांसें थम गईं। रविवार को दुष्कर्म पीड़िता को उन्नाव स्थित उसके गांव में दादी बाबा के पास ही दफनाया गया।