कचहरी से शनिवार को पेशी के दौरान फरार हुए कैदी जीशान और कांस्टेबल शिशुपाल सिंह का पता नहीं चला है।
कोतवाली पुलिस ने कैदी और कांस्टेबल दोनों की तलाश में कई जगह छापेमारी की लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि पेशी के दौरान जीशान की अपने साथियों से कचहरी में मुलाकात हुई थी। माना जा रहा है कि इन्हीं साथियों की मदद से वह भागा है।
इधर, एसएसपी के.सुनील इमैनुएल ने जीशान को पेशी पर ले जाने वाले कांस्टेबल शिशुपाल सिंह और लॉक अप ड़्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विनोद कुमार और अजय को रविवार को सस्पेंड कर दिया।
जेल में बंद जीशान को शनिवार को कचहरी में पेशी पर लाया गया था। दोपहर में कांस्टेबल शिशुपाल सिंह जीशान समेत दो बंदियों को एसीएमएम 7 की कोर्ट में पेश कराने ले गया था।
एक बंदी खुद लॉकअप में लौट आया लेकिन शाम तक न तो कांस्टेबल लौटा और न ही जीशान।
इस पर साथी पुलिसकर्मियों ने दोनों की काफी खोजबीन की। दोनों का कोई सुराग न मिलने पर अफसरों को जानकारी दी गई।
इसके बाद लॉकअप ड्यूटी पर तैनात हेड मोहर्रिर विनोद कुमार ने कोतवाली थाने में जीशान और शिशुपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
देर शाम सीओ कोतवाली एएसपी रोहित मिश्र और सीओ कैंट पवित्र मोहन त्रिपाठी ने पहले कचहरी और फिर किदवई नगर जाकर पड़ताल की।
फरार जीशान और कांस्टेबल की तलाश में उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन दोनों में किसी का पता नहीं चला।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि कांस्टेबल शिशुपाल की हिरासत से पहले भी एक बंदी भाग चुका है। इसका मामला बिल्हौर सर्किल के एक थाने में दर्ज है।