नजीराबाद में सोमवार को घर से कोचिंग पढ़ने निकला सातवीं कक्षा का छात्र हर्ष राय लापता हो गया। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की।
दोस्तों, रिश्तेदारों समेत हर संभावित स्थान पर तलाशा पर कुछ पता नहीं चला। नजीराबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए परिजनों ने हर्ष के अपहरण की आशंका जताई है।
पुलिस हर्ष की खोज में जुटी है। हर्ष राय (13) रामकृष्ण नगर जीटी रोड निवासी गिरजा शंकर राय का बेटा है। वह क्षेत्र के ओंकारेश्वर विद्या निकेतन में पढ़ता है।
चाचा रामशंकर ने बताया कि हर्ष रामकृष्ण नगर में विवेकानंद पार्क के पास विद्या कोचिंग में पढ़ने सोमवार की शाम साढ़े चार बजे घर से निकला था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है।
रामशंकर का आरोप है कि हर्ष को किसी ने अगवा कर लिया है।
पिछले साल भी उसे अगवा करने का प्रयास हुआ था। तब उन्होंने थाने में प्रहलाद, अनिल, शिवानंद, दीपक और मोनू, सोनू के खिलाफ तहरीर दी थी। एसओ नजीराबाद ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करके तलाश की जा रही है।