10वें दिन निकाला बालू में दबाया गया छात्र का शव
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले में परियर सदर कोतवाली क्षेत्र के एक इंटर कालेज के 11वीं के छात्र की रहस्यमय हालात में हुई मौत के 10वें दिन बुधवार को डीएम के निर्देश पर परियर घाट में बालू में दबाए गए शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृत छात्र की बहन ने प्रधानाचार्य व शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए थे। शव बाहर निकलवाए जाने के दौरान एसडीएम व सीओ हसनगंज के अलावा भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र गांव स्थित इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। 23 फरवरी को छात्र की रहस्यमय हालात में मौत हो गई थी। बदहवास परिजनों ने शव को परियर गंगाघाट में दफना दिया था।
शनिवार 29 फरवरी को मृत छात्र की बहन ने एसपी विक्रांवीर को शिकायतीपत्र देकर विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षक पर छात्र से कुछ गलत करने और उसके विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगा शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। एसपी ने सदर कोतवाल दिनेशचंद्र मिश्र को बालू मेें दबे शव को बाहर निकलवा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।
डीएम की अनुमति मिलने के बाद एसडीएम सदर दिनेश कुमार, हसनगंज सीओ रमेशचंद्र प्रलयंकर, सफीपुर कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार पांडेय, परियर चौकी प्रभारी केएन पांडेय व दोस्तीनगर चौकी प्रभारी कमल किशोर दुबे सहित भारी पुलिस बल बुधवार सुबह लगभग 11 बजे परियरघाट पहुंचा। हालांकि मृत छात्र के परिजनों के न पहुंचने पर पुलिस उनका इंतजार करती रही। दोपहर 2 बजे परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने घाट पर बालू में दबे शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी यादवेंद्र यादव ने बताया कि गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शव निकाले जाने के दौरान हुई वीडियोग्राफी
एसपी विक्रांतवीर के निर्देश पर परियर घाट पर छात्र का शव निकाले जाने के पूरे घटनाक्रम की पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान मृतक के परिजनों के साथ गांव के लोगों की भी भीड़ मौजूद रही।