पुखरायां क्षेत्र के एक स्कूल के प्रधानाचार्य को कक्षा-12 की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी प्रधानाचार्य ने पीड़िता को धमकी भी दी थी। इधर, बुधवार की देरशाम आरोपी प्रधानाचार्य पर छेड़छाड़ व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि उसकी पुत्री पुखरायां के एक इंटर कालेज में कक्षा-12 की छात्रा है। विद्यालय प्रधानाचार्य अमर सिंह सचान पहले उसे परेशान करते रहे, फिर छेड़छाड़ करना शुरू कर दी। उसे अकेले कमरे में बुलाते और मोबाइल फोन पर गलत मैसेज डालने लगे। प्रधानाचार्य की हरकतों से आजिज होकर पुत्री ने मामला घर में बताया।
प्रधानाचार्य को समझाने का प्रयास किया गया तो विवाद की स्थिति बनाने लगे। बुधवार को वह परेशान होकर विद्यालय गया और पुत्री के स्कूल न आने की बात कही। इतना सुनते प्रधानाचार्य ने पुलिस को फोन कर बुला लिया। पुलिस ने पीड़ित को ही पकड़ लिया। लेकिन पूरा मामला सुनने के बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज की।
कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा के नाबालिग होने के कारण पाक्सो एक्ट लगाया गया है। छात्रा के बयान होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में साक्ष्यों की जांच होगी।