लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शनिवार दोपहर एक ट्रक की चपेट में आने से सपा नेता समेत तीन की मौत हो गई जबकि चार की हालत गंभीर है। हादसे के बाद बवाल की आशंका के चलते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक भीड़ ने चालक को पीटने के बाद हाईवे जाम कर दिया था।
हालांकि पुलिस फोर्स की तत्परता से भीड़ ट्रक पर पथराव और आगजनी नहीं कर सकी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ कैंट पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि चालक उन्नाव निवासी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चालक ने बताया कि पहले ट्रक का स्टेयरिंग फेल हुआ फिर ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था। इस वजह से हादसा हुआ है। दोपहर करीब पौने तीन बजे कानपुर-लखनऊ हाईवे पर एक खाली ट्रक रामादेवी चौराहे से उन्नाव की ओर जा रहा था।
जाजमऊ नई चुंगी के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक को रोकने के लिए चालक ने सड़क किनारे लगे खंभे में टक्कर भी मारी लेकिन ट्रक नहीं रुका।
इसके बाद भी ट्रक की रफ्तार कम नहीं हुई और रिक्शा चालक सूरज के रिक्शे को टक्कर मारते हुए ट्रक ने शमी अहमद की पान की दुकान पर खड़े जाजमऊ दरगाह शरीफ के पास रहने वाले शेर अली (70), उनके दामाद अनवर (40), रामाराय की सराय जाजमऊ निवासी सपा के पूर्व नगर सचिव शाहिद (38), उनकेदोस्त इसी मुहल्ले के शोएब मंसूरी, परवेज और परवेज के भाई शारिक को कुचल दिया।
इसके बाद चालक ने ओवर ब्रिज के पिलर में टक्कर मारकर ट्रक को रोका। एक साथ सात लोगों के ट्रक की चपेट में आने की सूचना पर जाजमऊ चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
इधर, इलाकाई लोगों की मदद से पुलिसकर्मी घायलों को नजदीक स्थित नासिर हास्पिटल ले गए। वहां शेर अली और अनवर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सपा नेता शाहिद, परवेज और शारिक को हैलट रेफर कर दिया। वहीं सूरज का आईसीयू में इलाज शुरू हो गया।
हैलट पहुंचने से पहले शाहिद की भी नब्ज थम गई, हैलट इमरजेंसी में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया। परवेज, शारिक और शोएब मंसूरी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
उधर, हादसे के बाद मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और चालक को पीट दिया। लोगों ने रोड जाम करके ट्रक फूंकने की कोशिश की लेकिन मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।